उत्तर-पूर्वी दिल्ली में कल भी बंद रहेंगे स्कूल, इंटरनल एग्जाम स्‍थगित

उत्तर पूर्वी दिल्ली में संशोधित नागरिकता कानून  समर्थक और विरोधी समूहों के बीच हिंसा में मृतकों की संख्या बढ़कर मंगलवार को दस हो गई। जीटीबी अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वहीं, मंगलवार को भी उत्तर पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में हिंसा होती रही। हिंसा में मरने वालों के बारे में जीटीबी के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित किया। अधिकारियों ने बताया कि 35 घायल लोगों को भी अस्पताल लाया गया है। अस्पताल के एक डॉक्टर ने कहा, ‘घायलों में से 50 प्रतिशत लोग गोली लगने से घायल हुए है।’ अस्पताल अधिकारियों के अनुसार मृतकों में से एक की पहचान घोंडा निवासी विनोद कुमार (45) के रूप में हुई है जिसे जग प्रवेश चन्द्र अस्पताल मृत लाया गया था। उन्होंने बताया कि एक अन्य मृतक की पहचान मोहम्मद फुरकान के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।