गंगा तट पर ‘हर-हर गंगे’ की गूंज

भाद्रपद पूर्णिमा पर गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट सहित तीन स्थानों पर श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई, जिससे पितृपक्ष का शुभारंभ हुआ। भारी भीड़ के कारण हाईवे पर वाहनों की धीमी गति रही।

गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र में तीन स्थानों कच्चा घाट लठीरा, पुष्पावती पूठ एवं तीर्थ नगरी ब्रजघाट में भाद्रपद मास की पूर्णिमा पर श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। पूर्णिमा के साथ ही पितृपक्ष शुरू हो गया है अनेक भक्तों द्वारा गंगा स्नान के बाद अपने पितरों का तर्पण किया गया।

तीर्थ नगरी ब्रजघाट, गढ़मुक्तेश्वर के कच्चा घाट लठीरा तथा पुष्पावती पूठ में शनिवार को ब्रह्म मुहूर्त में ही श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान शुरू कर दिया है। हर-हर गंगे के जयकारों, शंख ध्वनि तथा मंत्रोचार से संपूर्ण गंगा तट भक्ति रस से सराबाेर हो रहा है।