कौन हैं दिनेश प्रताप सिंह, जिन्हें भाजपा ने रायबरेली से दिया टिकट; सोनिया गांधी का ‘करीबी’ कैसे बना भाजपाई

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट पर दिनेश प्रताप सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। रायबरेली को गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है। मौजूदा समय में सोनिया गांधी यहां से सांसद हैं।

इस बार सोनिया गांधी ने यहां से चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। कांग्रेस ने अभी तक अपने चेहरे का एलान नहीं किया लेकिन अब भाजपा के एलान के बाद रायबरेली की चुनावी चौसर रोचक हो गई है। आइये जानते हैं कौन हैं भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह…

2019 में भी सोनिया के खिलाफ लड़ा था चुनाव

दिनेश प्रताप सिंह ने 2019 में भी सोनिया गांधी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा था। 2018 में दिनेश ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। इसके अगले साल ही भाजपा ने लोकसभा का टिकट दिया था। मौजूदा समय में एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार में राज्य मंत्री हैं।

रायबरेली की सियासत में परिवार का दबदबा

रायबरेली की सियासत में पंचवटी का दबदबा है। दरअसल, दिनेश प्रताप सिंह के घर को पंचवटी के नाम से जाना जाता है। दिनेश प्रताप सिंह गांव गुनावर कमंगलपुर के रहने वाले हैं। रायबरेली की राजनीति में इस परिवार का खूब वर्चस्व है। दिनेश प्रताप सिंह के घर पर ही ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष, एमएलसी और विधायक रह चुके हैं। हालांकि रायबरेली की हरचंदपुर विधानसभा सीट पर 2022 में उनके भाई राकेश सिंह को हार का सामना करना पड़ा था।