गोवर्धन (मथुरा): शरद पूर्णिमा के अवसर पर 25 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के गोवर्धन स्थित परासौली के चंद्र सरोवर में भव्य धार्मिक आयोजन होगा। महारास स्थली पर सरोवर के घाटों और आसपास के क्षेत्र में 5100 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। धवल चांदनी के बीच दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगाएगा। इस अवसर पर भगवान रास बिहारी को सफेद वस्त्र धारण कराए जाएंगे और 1100 लीटर दूध से तैयार खीर का भोग अर्पित किया जाएगा। यह आयोजन राधा-कृष्ण की महारास लीला की स्मृतियों को समर्पित है, जिसे ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा में विशेष स्थान प्राप्त है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शरद पूर्णिमा की चांदनी में भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों के साथ महारास रचाया था। इसी मान्यता के चलते परासौली स्थित चंद्र सरोवर में हर वर्ष इस अवसर पर विशेष आयोजन किया जाता है। गोवर्धन के प्रमुख मंदिरों में भी शरद उत्सव की तैयारियां हैं। मुकुट मुखारविंद, दानघाटी और जतीपुरा मुखारविंद मंदिरों में भगवान का धवल वस्त्रों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा और खीर का भोग लगाया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को ब्रज की भक्ति परंपरा और शरद पूर्णिमा के धार्मिक महत्व से जुड़ने का अवसर मिलेगा।