सपा की आठ सूचियों में 47 प्रत्याशी घोषित, 15 का इंतजार; चार सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार भी बाकी

लोकसभा चुनाव के रण में राजनीतिक दलों की सेनाएं भी डट चुकी हैं। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के अब 15 लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों का इंतजार है। अब तक आठ सूचियों में पार्टी 47 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। वहीं, 17 सीटें कांग्रेस के पास हैं, इसमें से 13 सीटों पर उसके प्रत्याशी मैदान में आ चुके हैं। अमेठी, रायबरेली, मथुरा व इलाहाबाद चार लोकसभा सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी बचे हैं।

यूं तो विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए में मुख्य रूप से सपा व कांग्रेस ही हैं। सपा ने अपने कोटे की एक सीट (भदोही) तृणमूल कांग्रेस को दी है। तृणमूल कांग्रेस ने यहां अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इस तरह से आइएनडीआइए में प्रदेश की कुल 80 सीटों में से 61 सीटों पर प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं। अब सपा को बची हुई 15 सीटों पर प्रत्याशी आने शेष हैं।

ये सीट शामिल

इनमें आगरा, कन्नौज, फतेहपुर, कौशांबी, कैसरगंज, फूलपुर, कुशीनगर, श्रावस्ती, सलेमपुर, डुमरियागंज, बलिया, संत कबीर नगर, राबर्ट्सगंज, जौनपुर व मछलीशहर लोकसभा सीट शामिल है। जिन 15 सीटों पर सपा के प्रत्याशियों की घोषणा होनी बाकी है उनमें से नौ सीटें आगरा, फतेहपुर, कैसरगंज, श्रावस्ती, डुमरियागंज, संत कबीर नगर, जौनपुर, मछलीशहर व सलेमपुर वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन के तहत बसपा के खाते में थीं।

इनमें से श्रावस्ती व जौनपुर सीट पर बसपा ने जीत दर्ज की थी। छह सीटें ऐसी हैं जिनमें सपा पिछले चुनाव में लड़ी थी। कन्नौज में सपा मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव चुनाव लड़ी थीं और वह 12,353 मतों से भाजपा के सुब्रत पाठक से हार गईं थीं।