कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके में गैस सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान आग लगने और जोरदार विस्फोट की घटना सामने आई है। हादसा घर के प्रवेश द्वार पर सिलेंडर उतारते समय हुआ। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गनीमत रही कि डिलीवरी कर्मचारी ने खतरा भांपते ही वहां से पीछे हटकर अपनी जान बचा ली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर के दरवाजे के पास एक दीया जल रहा था। बताया जा रहा है कि सिलेंडर का वाल्व कवर खोलने के दौरान गैस का रिसाव हुआ और वह दीये की लौ के संपर्क में आ गई। इससे अचानक आग भड़क उठी और सिलेंडर के आसपास लपटें फैल गईं। आग तेजी से फैलते देख कर्मचारी ने तुरंत दूरी बना ली।