पलामू में रात को खाना खाकर सोई 14 साल की आरोही, सुबह बिगड़ी तबीयत

पलामू के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय आरोही कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने और उल्टी होने के बाद उसे अस्पताल लाया गया था, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पलामू के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के माहुर गांव निवासी 14 वर्षीय आरोही कुमारी की शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। वह पप्पू राम की पुत्री थी। स्वजनों के अनुसार, आरोही गुरुवार रात खाना खाकर सो गई थी। शुक्रवार सुबह अचानक उसे उल्टी होने लगी और तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे पांडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।

वहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और जवान अस्पताल पहुंचे।

उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गए। बच्ची की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।