हिंदू को हिंदू रहना है तो भारत को अखंड बनना ही पड़ेगा -मोहन भागवत

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि हिंदू और भारत अलग नहीं हो सकते हैं। भारत को भारत रहना है तो भारत को हिंदू रहना ही पड़ेगा। हिंदू को हिंदू रहना है तो भारत को अखंड बनना ही पड़ेगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि हिंदू के बिना भारत नहीं और भारत के बिना​ हिंदू नहीं। भारत टूटा, पाकिस्तान हुआ क्योंकि हम इस भाव को भूल गए कि हम हिंदू हैं, वहां के मुसलमान भी भूल गए। खुद को हिंदू मानने वालों की पहले ताकत कम हुई फिर संख्या कम हुई, इसलिए पाकिस्तान भारत नहीं रहा। ग्वालियर में मोहन भागवत ने कहा ये हिंदुस्तान है और यहां परंपरा से हिंदू लोग रहते आए हैं जिस-जिस बात को हिंदू कहते हैं उन सारी बातों का विकास इस भूमि में हुआ है। भारत की सारी बातें भारत की भूमि से जुड़ी हैं, संयोग से नहीं। आरएसएस के मध्य भारत प्रांत के चार दिवसीय स्वर साधक संगम (घोष शिविर) में शामिल होने के लिए संघ प्रमुख डा. मोहन भागवत शुक्रवार देर रात ग्वालियर पहुंचे।