मैंने धैर्य और दृढ़ संकल्प दिखाया, टॉस मायने नहीं रखता: कोहली

 भारतीय कप्तान विराट कोहली ने मंगलवार को स्पिन के अनुकूल चेपॉक पिच की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि उनकी टीम ने दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए काफी धैर्य और दृढ़ संकल्प दिखाया तथा यहां टॉस का ज्यादा महत्व नहीं था। स्पिनरों की मददगार पिच पर भारत ने मंगलवार को इंग्लैंड को 317 रन की करारी शिकस्त दी। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान ने इस पिच की कड़ी आलोचना की थी।कोहली ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ‘‘ हम पिच पर स्पिन और उछाल देखकर घबराए नहीं। हमने मैच में धैर्य दिखाया और 600 से अधिक रन बनाए। हम जानते हैं कि अगर हम इतने रन बनाते है तो हमारे गेंदबाज अपना काम बखूबी ही करेंगे।’’ केविन पीटरसन जैसे पूर्व खिलाड़ियों ने पहले दिन से ही पिच से मिल रही ‘टर्न (स्पिन)’ का मजाक उड़ाया था और इसेटेस्ट मैच के लिए ‘हिम्मत’ वाला पिच करार दिया था क्योंकि अगर भारतीय टीम टॉस हारती तो उसे बाद में बल्लेबाजी करनी पड़ती। कोहली ने कहा कि यह (टॉस) अधिक मायने नहीं रखता था।