चेन्नई। ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे सीनियर आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और उभरते हुए आलराउंडर वाशिंगटन सुंदर शुक्रवार को स्वदेश लौट आए। राज्य सरकार के नियमों के अनुसार तमिलनाडु के ये दोनों खिलाड़ी अगले दो दिन तक पृथकवास में रहेंगे। अश्विन ने पहले तीन मैचों में 12 विकेट चटकाए लेकिन चोट के कारण वह ब्रिसबेन में निर्णायक चौथे टेस्ट में नहीं खेल पाए।
पीठ में दर्द के बावजूद अश्विन ने सिडनी में तीसरे टेस्ट के अंतिम दिन हमुना विहारी के साथ 62 रन की अटूट साझेदारी करके भारत को टेस्ट ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई थी। वाशिंगटन ने गाबा में अंतिम टेस्ट में पदार्पण करते हुए ऑस्ट्रेलिया के घातक गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ पहली पारी में 62 रन की पारी खेली थी और शारदुल ठाकुर के साथ 123 रन की साझेदारी की थी जिससे भारत मुश्किल स्थिति में घिरने के बाद वापसी करने में सफल रहा था। उन्होंने मैच में चार विकेट भी चटकाए। भारत ने यह टेस्ट तीन विकेट से जीता था।