हरियाणा में 12 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय गोल्फ चैंपियनशिप, 14 देशों के 72 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

चंडीगढ़: हरियाणा के नूंह जिले में मानेसर के पास स्थित तरुधन वैली में 12 से 15 नवंबर तक ‘इंडिया इंटरनेशनल पिच एंड पुट ओपन 2026’ का आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 14 देशों के कुल 72 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें 13 देशों के 56 विदेशी और भारत के 16 खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, चैंपियनशिप का उद्देश्य भारत में पिच एंड पुट गोल्फ को बढ़ावा देने के साथ देश को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। यह गोल्फ का अपेक्षाकृत छोटा प्रारूप है, जो दुनिया के 47 देशों में खेला जाता है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस प्रतियोगिता से एशिया में इस खेल का विस्तार होगा और भविष्य में एशिया कप जैसे आयोजनों की राह भी खुलेगी।