नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। महिला प्रीमियर लीग का दूसरा मुकाबला मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है। आरसीबी की कप्तानी स्मृति मंधाना और दिल्ली की कप्तानी मेग लैनिंग के हाथों में है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में दो विकेट पर 223 रन बनाए हैं। आरसीबी को जीत के लिए 224 रन बनाने होंगे।
लाइव अपडेट
RCB W vs DC W Live Score : आरसीबी को मुश्किल लक्ष्य
आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनका यह निर्णय अब तक सही साबित नहीं हुआ। दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में दो विकेट पर 223 रन बनाए। उसके लिए ओपनर शेफाली वर्मा और मेग लैनिंग ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 91 गेंद पर 162 रन की साझेदारी की। शेफाली 45 गेंद पर 84 रन बनाकर आउट हुईं। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और चार छक्के लगाए। कप्तान मेग लैनिंग ने 43 गेंद पर 72 रनों की पारी खेली। इस दौरान 14 चौके लगाए।
163 रन पर दो विकेट गिर जाने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की पारी को मारिजान कैप और जेमिमा रोड्रिग्ज ने पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 31 गेंद पर नाबाद 60 रन की साझेदारी की। मारिजान कैप 17 गेंद पर 39 और जेमिमा रोड्रिग्ज 15 गेंद पर 22 रन बनाकर नाबाद रहीं। कैप ने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, जेमिमा ने तीन चौके जड़े। आरसीबी के लिए हीथर नाइट ने दोनों विकेट लिए।
RCB W vs DC W Live Score : आरसीबी को एक ओवर में मिली दो सफलता
आरसीबी को पहली सफलता 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर मिली। हीथर नाइट ने दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग को क्लीन बोल्ड कर दिया। लैनिंग ने 43 गेंद पर 72 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके लगाए। उनके बाद शेफाली वर्मा भी पवेलियन लौट गईं। शेफाली पांचवीं गेंद पर ऋचा घोष के हाथों स्टंप आउट हो गईं। शेफाली ने 45 गेंद परर 84 रन बनाए। उन्होंने 10 चौके और चार छक्के लगाए। जेमिमा रोड्रिग्ज और मारिजान कैप क्रीज पर मौजूद हैं। दिल्ली ने 15 ओवर में दो विकेट पर 164 रन बना लिए हैं।
RCB W vs DC W Live Score : 13 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर 145/0
दिल्ली कैपिटल्स की तूफानी बल्लेबाजी जारी है। उसने 13 ओवर में बिना किसी नुकसान के 145 रन बना लिए हैं। शेफाली वर्मा 41 गेंद पर 78 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, मेग लैनिंग ने 37 गेंद पर 62 रन बना लिए हैं।
RCB W vs DC W Live Score : मेग लैनिंग का अर्धशतक पूरा
दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 11वें ओवर में हीथर नाइट की तीसरी गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। दिल्ली कैपिटल्स ने 11 ओवर में बिना किसी नुकसान के 119 रन बना लिए हैं। शेफाली वर्मा 35 गेंद पर 62 रन और कप्तान मेग लैनिंग 31 गेंद पर 52 रन बनाकर नाबाद हैं।