ओलंपिक में पूर्ण कोटा हासिल करने में मुश्किल चुनौती: दीपिका

 Sports (Rashtra Pratham) दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी दीपिका कुमारी का मानना है कि कोविड-19 महामारी के कारण कई प्रस्तावित टूर्नामेंटों के रद्द होने के कारण अगले साल ओलंपिक में भारतीय महिला तीरंदाजों के लिए पूर्ण कोटा हासिल करना मुश्किल चुनौती होगी। भारतीयों के पास तोक्यो खेलों के लिए क्वालीफाई करने के लिए सिर्फ एक टूर्नामेंट बचा है और उसे दो स्थान हासिल करने हैं। भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी मुदित दानी के आनलाइन चैट शो ‘इन द स्पॉटलाइट’ पर दीपिका ने कहा कि देश की महिला तीरंदाजों ने कड़ी मेहनत की है और कोविड-19 लॉकडाउन से पहले उन्हें कोटा हासिल करने का भरोसा था। उन्होंने कहा, ‘‘जब लॉकडाउन हुआ तो एक महीने में क्वालीफायर होने वाले थे, हमारा अभ्यास काफी अच्छा चल रहा था लेकिन इसके बाद अचानक हमें पता ही नहीं चला कि क्या करना है।’’ दो बार की विश्व चैंपियन तीरंदाज ने कहा, ‘‘फिलहाल महिला वर्ग में हमें सिर्फ एक कोटा हासिल है और दो अन्य कोटा स्थान हासिल करने के लिए सिर्फ एक क्वालीफायर बचा है।