ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान

दिल्ली। भारत के सीमित ओवरों के उप-कप्तान और अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा मांसपेशियों में खिंचाव के कारण सोमवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चुनी गयी तीनों प्रारूपों की टीम से बाहर हो गये। चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाकी बचे मैचों में भी वह नहीं खेल सकेंगे। रोहित की गैरमौजूदगी में लोकेश राहुल उप-कप्तान की भूमिका में होंगे। विराट कोहली की अगुवाई वाली टेस्ट टीम में भी राहुल की वापसी हुई है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को सीमित ओवरों की टीम में जगह नहीं मिली। वह हालांकि टेस्ट टीम में अपनी जगह बचाने में सफल रहे। बीसीसीआई चिकित्सा दल चोटिल तेज गेंदबाज इशांत शर्मा और रोहित की निगरानी कर रहा है। टीम घोषणा से जुड़ी विज्ञप्ति में बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा, ‘‘बीसीसीआई चिकित्सा दल इशांत और रोहित की निगरानी करना जारी रखेगा।’’ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम को तीन मैचों की टी20 श्रृंखला के अलावा इतने ही मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला और चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेलनी है। यह दौरा 27 नवंबर से शुरू होगा। यह पता चला है कि रोहित को चोट से उबरने में छह से आठ सप्ताह का समय लगेगा। रोहित को यह चोट आईपीएल के दौरान लगी। बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर बताया, ‘‘इस बात की संभावना कम है कि रोहित इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग में आगे भाग लेंगे। उन्हें रिहैबिलिटेशन के लिए भारत वापस जाकर राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रहना होगा।’’