सीतामढ़ी में शारदीय नवरात्र के अवसर पर भारतीय वायुसेना के ‘एमआई-17’ हेलीकॉप्टर की थीम पर बना दुर्गा पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह अनूठा पंडाल भक्ति और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रहा है।
मां जानकी की पावन जन्मभूमि सीतामढ़ी में इस बार शारदीय नवरात्र पर भक्ति और देशभक्ति का एक अद्भुत और अप्रतिम संगम देखने को मिल रहा है।
ऐतिहासिक पुनौराधाम स्थित पुंडरीक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना के शौर्य का प्रतीक ‘एमआई-17’ (Mi-17) हेलीकॉप्टर आसमान में उड़ान भरने के बजाय धरातल पर मां आदिशक्ति के दिव्य दरबार के रूप में जगमगा रहा है।
मां शक्ति पूजा समिति द्वारा तैयार कराई गई इस अनूठी कृति को देखकर श्रद्धालु न केवल भावविभोर हैं, बल्कि आयोजकों की इस राष्ट्रभक्ति की भावना की दिल खोलकर सराहना कर रहे हैं।
करीब साढ़े छह लाख रुपये की लागत से बने इस विशालकाय हेलीकॉप्टर रूपी पंडाल को गढ़ने में कारीगरों ने दिन-रात एक कर दिया।
वर्ष 1995 से अनवरत पूजा का आयोजन करती आ रही समिति ने पंडाल की कमान जानकी स्थान स्थित लालजी टेंट हाउस को सौंपी, जबकि खड़का के रामबाबू पंडित ने मां दुर्गा की मनमोहक और भव्य प्रतिमा को आकार दिया है।पूरे परिसर और आसपास के रास्तों को पुनौरा के महावीर लाइट एंड साउंड की आकर्षक लाइटिंग से ऐसा सजाया गया है, मानो कोई सैन्य बेस जगमगा उठा हो।