हुनर देखना है तो आइए रामपुर

उभरता भारत (Rashtra Pratham) :- केंद्र सरकार की ओर से रामपुर में 10 दिवसीय हुनर हाट का आयोजन किया गया है, इसमें देश के कई राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के दस्तकार व शिल्पकार आए हैं, जो अपने साथ अपने हुनर के जरिए बने शानदार उत्पाद भी लाए हैं। राजस्थानी लाख की चूडी, कश्मीरी साल, मुरादाबाद के पीतल के बर्तन, बनारसी साड़ी आदि सारा सामान यहां उपलब्ध है। देश के तमाम राज्यों के लजीज व्यंजन भी यहां बन रहे हैं। इनका मजा लेने के लिए रामपुर ही नहीं, बल्कि दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां आ रहे हैं। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हो रहे हैं। 25 अक्टूबर को बॉलीवुड सिंगर कुमार शानू कार्यक्रम पेश करेंगे।

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ओर से लगे इस हुनर हाट का शुभारंभ भी धमाकेदार हुआ। केंद्रीय शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, केंद्रीय संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और प्रदेश के जल शक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख की मौजूदगी में शानदार आगाज हुआ। श्री नकवी ने हुनर हाट का कई बार न‍िरीक्षण किया। हुनर हाट में उत्तर प्रदेश के आगरा, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, बनारस, गोरखपुर, सहारनपुर समेत कई शहरों से शिल्पकार और दस्तकार आए हैं। इसके देश के कोने-कोने से दस्तकार आए हैं।राजस्थान, नागालैंड, मध्य प्रदेश, दिल्ली, मणिपुर,झारखण्ड, गोवा, पंजाब, उत्तराखंड, लद्दाख, कर्नाटक, गुजरात, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल ,बिहार, आंध्रप्रदेश से भी हुनरमंद आए हैं।

ये दस्तकार अपने साथ अपने हुनर के जरिए बनाए गए शानदार उत्पाद लाए हैं। यहां वुड आयरन के उत्पाद, लकड़ी एवं मिट्टी के खिलौने, खादी के उत्पाद, ब्लैक पॉटरी, बांस-बेंत के सामान, ड्राई फ्लावर्स, ऑइल पेंटिंग, हैण्डलूम के उत्पाद, पारंपर‍िक जड़ी-बुटियां आदि शानदार उत्पाद उपलब्ध हैं। रामपुरी चाकू और रामपुरी वायलिन भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। देशभर मे वायलिन केवल रामपुर में ही बनते हैं।