इतालवी फर्म लियोनार्डो से सरकार ने सर्शत हटाया प्रतिबंध

उभरता भारत (Rashtra Pratham) :- एक महत्वपूर्ण कदम में भारत सरकार ने 3600 करोड़ रुपये के वीवीआईपी हेलिकॉप्टर घोटाले के सिलसिले में प्रतिबंधित इतालवी फर्म लियोनार्डो, जिसका पहले नाम फिनमेकेनिका था, के साथ सौदे पर प्रतिबंध हटाने का फैसला किया है।  सरकारी सूत्रों के अनुसार  सरकार ने सशर्त कंपनी से प्रतिबंध को हटाया है। इसका एक अर्थ ये भी है कि अब सरकार इस कंपनी के साथ दोबारा डील कर सकती है। इस फैसले के अनुसार केंद्रीय जांच ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कंपनी के खिलाफ जांच जारी रहेगी।

सूत्रों का कहना है कि कंपनी को पहले हस्ताक्षरित किसी भी समझौते के आधार पर भारत सरकार से कोई वित्तीय दावा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और प्रतिबंध हटने के बाद इसे नए सिरे से शुरू करना होगा। गौरतलब है कि भारत ने यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान 2013-14 में कंपनी के साथ सौदे पर रोक लगा दी थी, जब यूरोपीय एजेंसियों ने वीवीआईपी को लाने के लिए भारत को 12 एडब्ल्यू-101 हेलीकॉप्टरों की आपूर्ति के लिए 3600 करोड़ रुपये के सौदे में घूस मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था।