झारखंड के बाद अब UP में ‘नमाज रूम’ पर सियासत

उभरता भारत (Rashtra Pratham) :- झारखंड के बाद अब उत्तर प्रदेश में मुस्लिम विधायकों के लिए विधानसभा में नमाज अदा करने के लिए कमरा तय होने की मांग शुरू हो गई है। मंगलवार को कानपुर में सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी ने कहा कि महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ विधानसभा में ये सुविधा पहले से है। यूपी के मुस्लिम विधायकों को सदन की कार्यवाही छोड़कर नमाज के लिए बाहर जाना पड़ता है। उनके इस बयान पर गोविंदनगर सीट से भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी पर पलटवार किया है। मैथानी ने कहा, चुनाव से पहले जनता को भ्रमित करने के लिए इरफान नाटक कर रहे हैं।दरअसल, 2 सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष के आदेश पर विधानसभा में नमाज के लिए कमरा नंबर TW-348 अलॉट किया गया है। इसके बाद से ही भाजपा विधायक पूजा के लिए भी अलग कमरे की मांग कर रहे हैं।

इरफान सोलंकी ने कहा कि,नमाज अदा करने के लिए विधानसभा की कार्यवाही को बीच में छोड़ना पड़ता है। इससे अक्सर महत्वपूर्ण विषयों पर जनता का पक्ष नहीं रख पाते हैं। ऐसे में यदि विधानसभा परिसर में कोई भी जगह निश्चित कर दी जाए तो सभी मुस्लिम विधायकों को बड़ी राहत मिल जाएगी। सपा विधायक इरफान सोलंकी ने कहा कि शुक्रवार को पांच बार की नमाज करनी होती है। ऐसे में उस दिन की विधानसभा की कार्यवाही में मुस्लिम विधायकों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है।सपा विधायक का कहना है कि देश में दो राज्यों की विधानसभाओं में नमाज के लिए जगह दी गई है। उसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा में नमाजी विधायकों को जगह दी जानी चाहिए। इरफान ने कहा कि यह आस्था से जुड़ा हुआ मामला है और इससे किसी को भी किसी तरह की परेशानी भी नहीं होनी चाहिए।