देश के सभी केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों और उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त और कैशलेस इलाज

देश के सभी केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों और उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त और कैशलेस इलाज उपलब्ध होगा। वे किसी भी सीजीएचएस अस्पताल या आयुष्मान भारत के तहत मान्यता प्राप्त अस्पताल में कैशलेस इलाज की सुविधा हासिल कर सकेंगे। गृह मंत्री अमित शाह ने एनएसजी के जवान को आयुष्मान कार्ड सौंप कर इस योजना की शुरुआत की। गृह मंत्रालय ने 31 दिसंबर तक केंद्रीय अर्धसैनिक बल के सभी 35 लाख जवानों को आयुष्मान कार्ड देने का लक्ष्य रखा है।गृह मंत्रालय के अंतर्गत सात केंद्रीय अर्धसैनिक बल आते हैं। इनमें एनएसजी, असम राइफल्स, आइटीबीपी, एसएसबी, सीआइएसएफ, बीएसएफ और सीआरपीएफ शामिल हैं। इन सभी के लिए आयुष्मान सीएपीएफ योजना का राष्ट्रीय स्तर पर शुरुआत करते हुए अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने सदैव सुरक्षा बलों के हितों का ध्यान रखा है और यह उसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के सभी सेवारत कर्मी और उनके आश्रित कवर होंगे। इस योजना को गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से तैयार किया है।