‘मेरे हंसने तक के लिए भी मुझ पर केस हुआ’

Recommended (Rashtra Pratham) मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने देशद्रोह एवं अन्य मामलों में शुक्रवार को मुंबई के बांद्रा पुलिस थाने में अपना बयान दर्ज कराया। इससे पहले उन्होंने वीडियो जारी कर दावा किया कि उन्हें अपने विचार प्रकट करने की वजह से निशाना बनाया जा रहा है। सीआरपीएफ जवानों की ‘वाई प्लस’ श्रेणी सुरक्षा प्राप्त कंगना मुंबई के उपनगर स्थित पुलिस थाने अपने वकील के साथ दोपहर करीब एक बजे पहुंची। उस समय वहां मीडिया का भारी जमावड़ा था। बांद्रा की मजिस्ट्रेट अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया था कि वह कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल के खिलाफ जांच करे।

अदालत ने यह आदेश उस शिकायत पर दिया जिसमें आरोप लगाया था कि कंगना और रंगोली सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट के जरिये नफरत फैलाने और सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। कास्टिंग डायरेक्टर और फिटनेस ट्रेनर मुनव्वर अली सयैद ने कंगना और उनकी बहन के ट्वीट एवं बयान का संदर्भ देते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में गत वर्ष अक्टूबर में प्राथमिकी दर्ज की।