अफगानिस्तान में तालिबान के सरकार गठन के पूर्व तालिबानी प्रवक्ता सुहैल शाहीन ने अपनी सभ्यता और संस्कृति को लेकर अमेरिका को चेतावनी दी है। उन्होंने महिलाओं के हिजाब पहनने को लेकर पश्चिम के नजरिए पर कड़ा विरोध जताया है। तालिबान प्रवक्ता ने कहा कि हमारी संस्कृति में अमेरिका और पश्चिमी देश दखल नहीं दे। तालिबान के इस बयान के बाद अफगानिस्तान में महिलाओं के अधिकारों को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंताएं बढ़ गई हैं। तालिबान प्रवक्ता ने सफाई देते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों एवं उनकी सुरक्षा को लेकर दुनिया की चिंता इसलिए है, क्योंकि पूर्व के शासन की यादें लोगों की जेहन में शेष है।शाहीन ने पश्चिमी देशों के उस नजरिए का कड़ा विरोध किया जिसमें कहा गया था कि महिलाओं को हिजाब के बिना शिक्षा हासिल करनी चाहिए। फाक्स न्यूज से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह संस्कृति का बदलाव है। उन्होंने कहा कि यह हमारी संस्कृति है कि वह हिजाब पहनकर शिक्षा ग्रहण करें। उन्होंने कहा कि महिलाएं हिजाब पहनकर काम कर सकती हैं। अमेरिका के साथ रिश्तों को लेकर सुहैल ने कहा कि हमें इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि हम सकारात्मक और रचनात्मक तरीके से एक साथ कैसे काम कर सकते हैं जो दोनों पक्षों के हितों में हो।