लाहुल में भारी बर्फबारी से थमी जिंदगी की रफ्तार

भारी बर्फबारी से लाहुल घाटी में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। जिला मुख्यालय केलंग में आधा फीट तथा अटल टनल के नार्थ पोर्टल में एक फीट से अधिक बर्फ पड़ चुकी है। घाटी में जिंदगी की रफ्तार थम गई है और लोग घरों में कैद हो गए हैं। लाहुल घाटी के दारचा, योचे, कोकसर, सिस्सू, प्यूकर, जिस्पा व  मायड़ सहित समस्त लाहुल घाटी में बर्फ़बारी हो रही है। दूसरी ओर पर्यटन नगरी मनाली में भी रातभर बारिश रहने के बाद 11 बजे से बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। पर्यटकों के लिए सभी पर्यटन स्थल बंद हो गए हैं। पर्यटक नेहरुकुंड से मनाली के बीच बर्फ का आनंद ले रहे हैं। पर्यटन नगरी में हालांकि बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। अधिकतर पर्यटक होटलों के प्रांगण में ही बर्फ के फाहों का आनंद ले रहे हैं।