नए कृषि कानूनों को लेकर चल रहे किसान आंदोलन पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने बृहस्पतिवार को कहा कि किसानों की आड़ में लगभग सभी विपक्षी दल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं जोकि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। चौबे ने यहां सर्किट हाउस में संवाददाताओं से कहा, “चाहे वह कांग्रेस हो, कम्युनिस्ट हो, सपा हो, बसपा हो या राजद हो, इनके पास देश में मुद्दे नहीं हैं और ये लोगों में भ्रम फैलाने में लगे हैं।
आजादी के बाद 70 सालों तक इन्होंने किसानों को बरगलाया है और सुधार का काम केन्द्र की मोदी सरकार पर छोड़ दिया था।” उन्होंने कहा, “पिछले छह साल से हम उस काम को कर रहे हैं तो अब इनके पेट में दर्द हो रहा है कि सारा काम ये कर जाएंगे। सितंबर में संसद में जब बहस हो रही थी तो एक भी दिन इन्होंने चर्चा में भाग नहीं लिया। क्या विरोधी दल का यही काम है। जब पटल पर कानून आया तो उल्टे इन्होंने राज्यसभा में हंगामा किया, तोड़फोड़ की।”