Popular (Rashtra Pratham) :- सीबीआइ के मुद्दे पर बंगाल की ममता बनर्जी सरकार द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किए गए मुकदमे का केंद्र सरकार ने विरोध किया है। मंगलवार को केंद्र सरकार ने बंगाल सरकार के मुकदमे का विरोध करते हुए सुप्रीम कोर्ट में कहा कि राज्य में सीबीआइ द्वारा दर्ज मामलों से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। सीबीआइ स्वतंत्र संस्था है। केंद्र सरकार ने कहा कि बंगाल का केंद्र सरकार के खिलाफ दाखिल किया गया मुकदमा सुनवाई योग्य नहीं है।
केंद्र सरकार की ओर से ये दलीलें मंगलवार को अटार्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने मामले की सुनवाई कर रही न्यायमूर्ति एल नागेश्वर राव की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के समक्ष रखीं। बंगाल सरकार ने सीबीआइ जांच की सामान्य सहमति वापस लिए जाने के बावजूद एजेंसी द्वारा राज्य में केस दर्ज किए जाने को आधार बनाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में संविधान के अनुच्छेद 131 के तहत मूल वाद दाखिल किया है।