बच्ची की हालत नाजुक, हो सकती है एक और सर्जरी

 Popular  (Rashtra Pratham) दिल्ली के एम्स में भर्ती दुष्कर्म और हैवानियत की शिकार हुई 12 वर्षीय मासूम बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बच्ची को गुरुवार रात को अस्पताल के न्यूरो सर्जरी आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि उसकी हालत नाजुक है और वह वेंटिलेटर पर है। उसे न्यूरो सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है, लेकिन उसके प्लेटलेट कम हैं। उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने फोन पर बच्ची के माता-पिता और डॉक्टर से बात की है। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि यौन उत्पीड़न का शिकार हुई 12 वर्षीय बच्ची के डॉक्टरों और माता-पिता से मैंने फोन पर बात की है। गुरुवार को अस्पताल जाकर मैंने बच्ची का हालचाल लिया था। वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है। डॉक्टर पूरी कोशिश कर रहे हैं। कृपया उसके लिए प्रार्थना करें। इस बीच पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।मंगलवार को कृष्ण नामक एक 33 वर्षीय व्यक्ति ने पश्चिमी दिल्ली स्थित बच्ची के घर में घुसकर उसका यौन उत्पीड़न किया और उसके चेहरे और सिर पर तेज धार वाले हथियार से वार किया। एम्स के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने गुरुवार को बताया था कि बच्ची का मलाश्य और आंतें बुरी तरह जख्मी थीं। उन्होंने कहा कि शायद कोई चीज उनके अंदर डाली गई थी जिसके कारण बच्ची को तुरंत इलाज की जरूरत थी और उसके यहां आते ही सर्जरी की गई।