बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। दिशा की मौत के करीब छह साल बाद अब बॉम्बे हाईकोर्ट ने उनके मामले में सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। अदालत ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को मामले में एफआईआर दर्ज कर पूरे मामले की गहन जांच करने का निर्देश दिया है। बता दें कि दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को मुंबई में हुई थी। उनकी मौत के कुछ दिन बाद ही अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हुई थी। इस मामले में पुलिस की जांच के करीब पांच साल बाद दिशा के पिता ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया था और सीबीआई जांच की मांग की थी।दिशा सालियान पेशे से एक सेलिब्रिटी पीआर मैनेजर थीं। उनका जन्म कर्नाटक के उडुपी में हुआ था। 8 जून 2020 को महज 28 वर्ष की उम्र में मुंबई के मलाड (पश्चिम) में स्थित एक आवासीय इमारत से गिर कर उनकी मौत हो गई थी। उनकी मौत की घटना ने सुर्खियां तब बटोरीं, जब छह दिन बाद- 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत को अपने आवास पर मृत पाया गया था।
उन्होंने बॉलीवुड के कई जाने-माने कलाकारों के साथ काम किया था, जिनमें दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत, अभिनेता वरुण शर्मा और हास्य कलाकार भारती सिंह जैसे नाम शामिल रहे। वह कई विज्ञापन एजेंसियों से भी जुड़ी हुई थीं। सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर होने के कारण उनकी मृत्यु के बाद दिशा सालियान का नाम काफी चर्चा में आया था।
वह एक टेलीविजन अभिनेता- रोहन रॉय के साथ रिश्ते में थीं और अपनी मृत्यु से कुछ महीने पहले ही दोनों की सगाई हुई थी।