सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि प्रदर्शनकारी किसी सार्वजनिक स्थल पर अनिश्चितकाल तक कब्जा नहीं कर सकते। हर किसी को विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन इसके लिए समय और अवधि निर्धारित होनी चाहिए। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने सवाल किया कि यदि कोई समूह लगातार एक ही जगह पर प्रदर्शन करता रहेगा तो किसान, पत्रकार और अन्य लोग कहां जाएंगे?
चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची तथा जस्टिस वी. मोहना की पीठ रामलीला मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जारी प्रदर्शन के कारण कारोबार प्रभावित होने का आरोप लगाने वाली व्यापारिक संगठनों की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। पीठ ने केंद्र सरकार और अन्य संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है।
व्यापारिक संगठनों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने अदालत को बताया कि प्रदर्शन के कारण आसपास के करीब 50 लाख लोग प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की दुकानें बंद हैं और कनॉट प्लेस में भी कारोबार ठप पड़ा है।
इस पर पीठ ने कहा कि जब तक व्यापारिक संगठन प्रदर्शन आयोजित करने वाले सभी संगठनों को मामले में पक्षकार नहीं बनाएंगे, तब तक अदालत इस मुद्दे पर प्रभावी फैसला नहीं कर सकती। पीठ ने याचिकाकर्ताओं को प्रदर्शन के आयोजकों को भी मामले में पक्षकार बनाने को कहा।
सुप्रीम कोर्ट इस मामले में कई याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई कर रहा है। इनमें कथित सामूहिक हिरासत, पुलिस की कथित ज्यादती, मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने और इंटरनेट सेवाओं पर रोक से जुड़े मुद्दे भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि 15 अक्तूबर को सुप्रीम कोर्ट ने कथित तौर पर बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और 12 विपक्षी नेताओं की याचिका पर निर्वाचन आयोग तथा अन्य संबंधित पक्षों से जवाब मांगा था।