पंजाब के अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियारों, विस्फोटकों और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पांच अवैध पिस्तौल, दो अत्याधुनिक उजी गन, दो हैंड ग्रेनेड, 34 किलोग्राम हेरोइन और 26 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीन फायरिंग की घटनाओं को भी सुलझाने की बात कही है।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। ये हैंडलर अवैध हथियारों की आपूर्ति करवाते थे, जिन्हें आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाना था।
डीजीपी के अनुसार, इस मामले में अमृतसर के घरिंडा, ब्यास, मेहता, लोपोके और छेहरटा पुलिस थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस अवैध हथियारों और नशा तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने तथा सुरक्षित और नशामुक्त पंजाब सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मामले में आगे की जांच जारी है।