पंजाब की नई कैबिनेट में सभी वर्गों काे प्रतिनिधित्‍व

पंजाब की नई कैबिनेट का एलान कर दिया गया है। इसमें परगट सिंह, डा. राजकुमार वेरका, गुरकीरत कोटली, कुलजीत सिंह नागरा और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग सहित छह नए चेहरे शामिल किए गए हैं। कैप्‍टन अमरिंदर सिंह के समर्थक साधू सिंह धर्मसोत, बलबीर सिंह सिद्धू, राणा गुरमीत सिंह और गुरप्रीत कांगड़ सहित पांच पुराने मंत्रियों की छुट्टी कर दी गई है। कैप्टन सरकार के मंत्रिमंडल के आठ वरिष्ठ मंत्रियों पर चन्नी ने भरोसा दिखाते हुए उन्हें दोबारा मौका दिया है। मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी ने कैबिनेट के विस्‍तार बारे में राज्‍यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की। सीएम ने बताया है कि नए मंत्रियों काे कल शाम 4.30 बजे शपथ दिलाई जाएगी।कैबिनेट में सभी वर्गों का प्रतिनिधत्व देने का प्रयास किया गया है। इनमें नौ जट्ट सिख, तीन अनुसूचित जाति, चार हिंदू, एक पिछड़ा वर्ग और एक अल्प संख्यक वर्ग से रखा गया है। कैबिनेट में हर आयु वर्ग का भी ख्याल रखा गया है। जहां ब्रह्म मोहिंदरा जैसे सीनियर विधायक को लिया गया है वहीं भारत भूषण आशू और विजय इंद्र सिंगला जैसे पहली बार बने विधायकों को भी जगह दी गई है। यूथ कांग्रेस में सेवाएं देने वाले चार नेता विजय इंद्र सिंगला ,कुलजीत नागरा, अमरिंदर सिंह राजवा वडिंग और गुरकीरत कोटली को लिया गया है।