ड्रग्‍स केस में फंसे शाह रुख के बेटे आर्यन को यदि कल तक नहीं मिली जमानत

बालीवुड के बादशाह कहे जाने वाले शाह रुख खान की दिवाली पर इस बार ग्रहण लग सकता है। इसकी वजह है उनका बेटा आर्यन। दरअसल, आर्यन ड्रग्‍स मामले में पिछले करीब बीस दिनों से मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद है। निचली अदालत से उसकी जमानत याचिका खारिज होने के बाद शाह रुख को अपने बेटे को छुड़वाने के लिए अब हाईकोर्ट से आसरा है। बीते दो दिनों से आर्यन की बेल पर बहस चल रही है, जो अब तक खत्‍म नहीं हुई है। आज भी इस मामले में सुनवाई होनी है। यदि आज भी आर्यन को बेल नहीं मिली तो फिर शुक्रवार को उसकी बेल एप्‍लीकेशन पर फिर से सुनवाई होगी। लेकिन यदि शुक्रवार को भी ये बेल नहीं मिली तो फिर आर्यन के जेल से बाहर आने का इंतजर शाह रुख के लिए और लंबा हो जाएगा। इसकी वजह से इन दोनों की दीवाली की खुशियों पर ग्रहण लग सकता है।ऐसा इसलिए है, क्‍योंकि शनिवार और रविवार यानी 30 और 31 अक्‍टूबर को कोर्ट बंद रहेंगे और 1 नवंबर से हाईकोर्ट में दिवाली की छुटिटयां शुरू हो रही हैं। 12 नवंबर (शुक्रवार) तक हाईकोर्ट में रूटीन मामलों की सुनवाई नहीं हो सकेगी। इस दौरान केवल कुछ जरूरी मामले ही सुने जाएंगे। इसके बाद में फिर शनिवार और रविवार की छुट्टी होगी। ऐसे में आर्यन की जमानत पर सुनवाई 15 नवंबर या फिर इसके बाद हो सकेगी। इस बीच यदि आर्यन की जमानत याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया तो फिर शाह रुख को उसकी जमानत के लिए शीर्ष कोर्ट का दरवाजा खटखटाना होगा।