कोरोनावायरस की उत्तर प्रदेश में दस्तक

आगरा में एक ही परिवार के छह लोगों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। सभी को दिल्ली रेफर किया गया है।चीन समेत कई देशों में कोहराम मचाने वाले कोरोनावायरस ने उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी है। आगरा में एक ही परिवार के छह लोगों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। सोमवार को परिवार के 13 सदस्यों के नमूने लिए गए थे। बाकी सदस्यों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।  आगरा निवासी जूता कारोबारी दो भाई अपने दिल्ली निवासी रिश्तेदार के साथ इटली की यात्रा से 25 फरवरी को लौटे हैं। रविवार को इनके साथ गए दिल्ली निवासी रिश्तेदार में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है।
इसकी जानकारी होने पर दोनों भाई अपने परिवार के साथ सोमवार शाम को जिला अस्पताल पहुंचे। एसआईसी को जानकारी दी गई तो उन्होंने तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज के माइक्रो बायलॉजी विभाग की टीम को नमूने लेने के लिए बुलाया था।जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि सोमवार को एक परिवार के 13 सदस्यों के नमूने लिए गए थे। इसमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। जांच में छह लोगों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। इन सभी को दिल्ली रेफर किया गया है।