उरई में ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ होते ही पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

उरई के ऐरी रमपुरा में सिंथेटिक ड्रग्स मेफेड्रोन फैक्ट्री के भंडाफोड़ के बाद, एसपी ने लापरवाही बरतने पर हल्का इंचार्ज और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। राजस्व खुफिया महानिदेशालय और एटीएस ने 29 अक्टूबर को छापेमारी कर भारी मात्रा में ड्रग्स और रसायन बरामद किए थे, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई।

डकोर थाने के ऐरी रमपुरा में राजस्व खुफिया महानिदेशालय (डीआरआइ) व आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीम द्वारा 29 अक्टूबर को सिंथेटिक ड्रग्स मेफेड्रोन (एमडी) तैयार करने की पकड़े गए कारखाने के मामले में क्षेत्र के हल्का इंचार्ज और साथ में गश्त करने वाले दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।

एसपी सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि ऐरी रमपुरा व जुड़े क्षेत्र में गश्त और निगरानी करने में इन तीनों की जिम्मेदारी थी, जिसमें इनकी ओर से लापरवाही बरते जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।

मालूम हो कि गुरुवार सुबह टीम को ऐरी रमपुरा में कारखाने में छापेमारी के दौरान ड्रग्स बनाने के लिए प्रयोगशाला मिली थी। 184 किलो ग्राम अर्धनिर्मित ड्रग्स, 582.2 किलोग्राम रसायन व उपकरण मिले थे। आरोपित के घर से 15.44 किलोग्राम मेफेड्रोन, 152.94 किलोग्राम रसायन और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीन बरामद हुई।