Popular (Rashtra Pratham) दिल्ली। उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में रविवार को न्यूनतम तापमान गिर गया जहां श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, वहीं दिल्ली के कुछ हिस्सों में शीत लहर के बीच रविवार को न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2003 के बाद से नवंबर में सबसे कम तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले 14 साल में इस महीने में सबसे कम रहा।आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह नवंबर 2003 के बाद से दिल्ली में इस महीने में दर्ज हुआ सबसे कम तापमान है। नवंबर 2003 में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।’’ उन्होंने बताया कि पालम मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान गिरकर 6.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।