बंगाल से अजमेर शरीफ जा रहे 59 जायरीनों की बस गया में दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 35 लोग घायल हो गए। चालक को नींद आने से बस अनियंत्रित होकर गोखुला पुल के पास डिवाइडर से टकराकर रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
अजमेर शरीफ दरगाह की जियारत के लिए बंगाल के मुर्शिदाबाद से निकले 59 जायरीन की यात्रा शुक्रवार की भोर अचानक खौफनाक हादसे में बदल गई।
चालक की आंख लगने के बाद बस दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर करीब 15-20 मिनट तक अनियंत्रित होकर इधर-उधर डोलती रही।
बस में सवार जायरीन मौत को सामने देखकर दुआएं पढ़ने लगे। अंततः बस डिवाइडर पर चढ़ते हुए गोखुला पुल के छोर पर जाकर रुक गई। हादसे में 35 लोग घायल हो गए।
मुर्शिदाबाद जिले के बोअंत थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले सभी जायरीन गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपने घरों से अजमेर शरीफ के लिए रवाना हुए थे।
रेजानतुल शेख ने बताया कि रातभर सफर के बाद शुक्रवार की भोर करीब पांच बजे अचानक बस अनियंत्रित होने लगी। चालक की आंख लग जाने की बात सामने आई है। बस के डगमगाते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों ने बताया कि बस कुछ देर तक कभी सड़क के एक तरफ तो कभी दूसरी तरफ जाती रही। किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि अगले पल क्या होगा।
मौत को करीब देखकर कई जायरीन अल्लाह को याद करते हुए दुआ पढ़ने लगे। हर चेहरे पर डर और आंखों में खौफ था। करीब 15-20 मिनट तक जिंदगी और मौत के बीच झूलने के बाद बस डिवाइडर पर चढ़ी और गोखुला पुल के मुहाने पर जाकर रुक गई।