उत्तराखंड के असंतुष्ट भाजपा विधायकों का एक दल अपनी शिकायतें लेकर बुधवार को दिल्ली रवाना हो गया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि यह दल पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और डीडीहाट विधायक बिशनसिंह चुफाल के नेतृत्व में पार्टी हाईकमान से मुलाकात करेगा। चुफाल के साथ कितने विधायक गए हैं, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
8इस बीच, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बुधवार देर शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत की और उनका हाल-चाल जाना। इस मसले पर पूछे जाने पर प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि चुफाल पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और वैसे भी पार्टी के किसी कार्यकर्ता का अपनी किसी बात को लेकर अपने नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों से मिलना सामान्य और स्वभाविक सी बात है।
दूसरी ओर, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा देवेंद्र भसीन ने इस बारे में पूछे जाने पर अनभिज्ञता जाहिर की और कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है,हालांकि, उन्होंने कहा कि पार्टी विधायकों के एक वर्ग की शिकायत को दूर करने के लिए सरकार के साथ-साथ पार्टी में भी उच्चतम स्तर पर प्रयास चल रहे हैं। भाजपा के कुछ विधायकों ने नौकरशाहों द्वारा उनकी बात न सुने जाने की शिकायत की है। भसीन ने कहा, ‘‘ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत दोनों ने मामले का संज्ञान लिया है और विधायकों की समस्याओं को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।’’