भाजपा के रथ यात्रा पर बंगाल में राजनीति गर्म

 पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति को अंजाम देने में जुटे हुए हैं। इन सबके बीच बंगाल में भाजपा के रथ यात्रा को लेकर राजनीति गर्म हो गई है। भाजपा एक ओर जहां रथ यात्रा निकालने को लेकर अड़ी हुई है, वहीं तृणमूल सरकार रथ यात्रा को इजाजत नहीं दे रही है। बंगाल में भाजपा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने इसे लेकर बड़ा बयान दिया है। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कोर्ट ने रथयात्रा पर स्थगन का आदेश नहीं दिया है इसलिए जिला प्रशासन इसे नहीं रोक सकता। विजयवर्गीय ने कहा कि विपक्ष के रूप में लोगों के बीच जाना हमारा मौलिक अधिकार है। 6 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा यात्रा का उद्घाटन करेंगे और 11 फरवरी को अमित शाह कूचबिहार में एक रथ यात्रा में शामिल होंगे।कैलाश विजयवर्गीय ने आगे कहा कि ममता बनर्जी की सरकार का ट्रेंड विपक्ष को कुचलना रहा है। उनके मौलिक अधिकारों की हत्या करना। पिछले विधानसभा चुनाव में अमित शाह जी का हेलीकॉप्टर नहीं उतरने दिया था। योगी जी जब आसनसोल में सभा करने आना चाहते थे तो उन्होंने हेलिकॉप्टर उतारने की इजाज़त नहीं दी।