असम में कांग्रेस के विधायक चुनाव के बाद पार्टी नहीं छोड़ेंगे : अशोक गहलोत

सियासत की बातें (Rashtra Pratham):- गुवाहाटी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को जोर दिया कि कांग्रेस के विधायक विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी नहीं छोड़ेंगे क्योंकि राज्य की जनता ने पांच साल तक भाजपा नीत सरकार के ‘कुशासन’ को देख लिया है। गहलोत ने एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि असम और पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजे भाजपा और उसकी फासीवादी विचारधारा को झटका देंगे। उन्होंने कहा, ‘‘आप जानते हैं कि राजस्थान में क्या हुआ।

भगवान की कृपा से हम बच गए। भाजपा दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गयी है। उन्होंने चुनावी बांड शुरू किया है और 90 प्रतिशत पैसा भाजपा को जा रहा है।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या चुनाव के बाद कांग्रेस अपने सभी विधायकों को साथ रखने में सफल रहेगी, गहलोत ने कहा कि उसके सभी निर्वाचित प्रतिनिधि पार्टी में ही रहेंगे क्योंकि राज्य के लोगों ने असम में भाजपा नीत सरकार के कुशासन को देख लिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हाल के वर्षों में मणिपुर, गोवा, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में धोखा से सरकारें बनायी हैं। गहलोत ने जोर दिया कि भाजपा चार राज्यों- असम, पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में से कहीं भी सरकार नहीं बना पाएगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता में नहीं आ पाएगी और कांग्रेस असम में सरकार बनाएगी।