तीसरे चरण में हुए बंपर वोटिंग

सियासत की बातें (Rashtra Pratham): बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में तीसरे और अंतिम चरण के लिए शनिवार सुबह 07 बजे से मतदान हो रहा है। मिथिला और सीमांचल क्षेत्र की 78 सीटों पर हो रहे मतदान में जमकर वोटिंग हुई है। अभी तक करीब 35 प्रतिशत मतादाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है।

महिला मतदाता भी लोकतंत्र के महापर्व में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। मतदान केंद्रों के बाहर महिलाओं की लंबी-लंबी कतारे देखने को मिल रही है। इतनी बड़ी संख्या में महिला मतदाताओं का बाहर आना और अच्छी तादाद में हो रही वोटिंग से किसे फायदा हो रहा है और किसे नुकसान, इसको लेकर भी चर्चाओं का दौर जारी है।

चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं से मतदान करने की लगातार अपील की थी। माना जा रहा है कि उनकी अपील का ही असर है कि महिलाओं की लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं। इससे पहले हुए दो चरण के मतदान में भी बड़ी संख्या में महिला वोटर्स ने मतदान में हिस्सा लिया। अब देखने वाली बात होगी कि आधी आबादी का वोट किस पार्टी या गठबंधन के पक्ष में जाता है। वैसे भी चुनाव के नतीजे आने में अब ज्यादा दिन का वक्त नहीं रह गया है और 10 नवंबर को गिनती होगी।