सियासत की बातें (Rashtra Pratham): दिल्ली। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) में शानदार प्रदर्शन को भाजपा ने शुक्रवार को ‘‘नैतिक जीत’’ बताते हुए कहा कि वह तेलंगाना में सत्तारूढ़ टीआरएस की ‘‘एकमात्र विकल्प’’ के रूप में उभरी है। भाजपा नेताओं ने पार्टी के प्रदर्शन की सराहना की जिसने 48 सीटों पर जीत दर्ज की है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘‘विकास की राजनीति’’ में विश्वास जताने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया।भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने परिणामों को भगवा दल के लिए ‘‘ऐतिहासिक’’ बताया और दावा किया कि यह दिखाता है कि देश ‘‘केवल विकास के एजेंडा’’ का समर्थन करता है।
उन्होंने कहा कि परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास और प्रशासन के मॉडल को मिला समर्थन दर्शाते हैं। चुनावों में प्रचार करने वाले शाह ने ट्वीट किया, ‘‘तेलंगाना के लोगों का आभार जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास की राजनीति में विश्वास जताया। जीएचएमसी में शानदार प्रदर्शन के लिए जे पी नड्डा, बंडी संजय को बधाई।
तेलंगाना भाजपा के कार्यकर्ताओं के कड़ी परिश्रम की सराहना करता हूं।’’ भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को ‘‘नैतिक जीत’’ बताते हुए शुक्रवार को कहा कि भगवा पार्टी तेलंगाना में टीआरएस की ‘‘एकमात्र विकल्प’’ के रूप में उभरी है।