BJP चीफ का यूपी की नई टीम को मंत्र

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सत्ता को सामाजिक परिवर्तन और गरीबों, किसानों तथा मजदूरों के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक उत्थान का जरिया मात्र करार देते हुए बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

नड्डा ने पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के नवनियुक्त पदाधिकारियों तथा क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के जरिये परिचयात्मक बैठक में कहा, ‘‘सत्ता प्राप्ति हमारा लक्ष्य नहीं है। हमारे लिए सत्ता सामाजिक परिवर्तन के साथ गरीब, किसान, मजदूर के आर्थिक सामाजिक तथा राजनीतिक उत्थान का माध्यम मात्र है।’’ उन्होंने नवगठित प्रदेश पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। सभी प्रदेश पदाधिकारियों को नियमित प्रवास करके संगठन को मजबूत करना है।

इसके साथ ही बूथ की गतिविधियों और आगे बढ़ाने का काम भी करना है। नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश संगठनात्मक दृष्टि से बहुत मजबूत है। पूरे देश में पार्टी के सबसे अधिक सक्रिय सदस्य तथा साधारण सदस्य उत्तर प्रदेश से हैं। उन्होंने आईटी क्षेत्र के लिए कई सुझाव दिये। साथ ही सांसदों, विधायकों तथा जनप्रतिनिधियों के विचारों को भी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर प्रसारित करने का सुझाव दिया।