वरुण गांधी और मेनका गांधी BJP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर

बीजेपी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की है. पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी  बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर कर दिए गए हैं. बीजेपी की सीनियर लीडर और वरुण की मां मेनका गांधी  भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर हैं. वरुण सरकार की नीतियों के ख़िलाफ़ बोलते रहे हैं, फ़िलहाल लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में भी सरकार के ख़िलाफ बयान दिया है.वरुण गांधी ने आज भी लखीमपुर कांड का नया वीडियो सामने आने के बाद ट्वीट किया था. वरुण गांधी ने टविटर पर लिखा था, वीडियो बिल्कुल साफ है, विरोध करने वालों की हत्या कर उन्हें खामोश नहीं किया जा सकता है. बेगुनाह किसानों का खून बहाने वालों की जवाबदेही तय होनी चाहिए. इससे पहले कि किसानों के मन में सरकार के प्रति अहंकार और क्रूरता का संदेश जाए न्याय होना चाहिए.भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करती है और संगठन के कामकाज की रूपरेखा तय करती है. कोविड-19 महामारी के चलते लंबे समय से राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक नहीं हुई है. कार्यसमिति के मनोनीत सदस्यों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित कई केंद्रीय मंत्री, सांसद व वरिष्ठ नेता शामिल हैं. कार्यसमिति में पूर्व मंत्रियों हर्षवर्धन, प्रकाश जावड़ेकर और रविशंकर प्रसाद को भी जगह दी गई है.