यूपी में ‘फिर योगी सरकार’ बनाने को भाजपा ने कसी कमर

जैसे-जैसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव करीब आ रहे हैं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेता बूथ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के साथ चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दे रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्र स्तर पर लामबंद करने की तैयारी जोरों पर है। इसके मद्देनजर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में एक बैठक की और राज्य के चार हिस्सों से ‘विजय संकल्प यात्रा’ आयोजित करने का फैसला लिया। बैठक में उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत पार्टी के अन्य सदस्य मौजूद रहे। राज्य भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा क‍ि पार्टी ने उत्तर प्रदेश के चार हिस्सों से ‘विजय संकल्प यात्रा’ आयोजित करने का फैसला किया है। उनके लिए प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं।