बसपा सांसद ने बीजेपी पर लगाया नफरत की राजनीति करने का आरोप

सियासत की बातें (Rashtra Pratham)  बहुजन समाज पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने सामाजिक सौहार्द को ‘‘मटियामेट’’ कर देश को पांच दशक पीछे धकेल दिया है। उन्होंने दावा किया कि पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांट देगी।

बलिया जिले के बिल्थरारोड में शुक्रवार की शाम को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गाजीपुर से बसपा के सांसद अंसारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया कि वह अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे स्वयं वापस लेकर ‘‘मिस्टर क्लीन’’ बन रहे हैं। अंसारी ने कहा, योगी जी बोलते हैं कि उनकी सरकार में माफियाओं पर बुलडोजर चल रहा है, लेकिन खुद अपने और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर दर्ज मुकदमों को वापस ले रहे हैं। यह सामाजिक व संवैधानिक मर्यादा के विपरीत है।