प्रियंका गांधी को डीएम आगरा ने भेजा नोटिस

कोरोना वायरस से आगरा में मौत के आंकड़ों पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के ट्वीट पर जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह ने नोटिस भेजा है। उन्होंने कहा है कि प्रियंका गांधी के ट्वीट को देखकर भम्र की स्थिति पैदा होती है। जो लोगों में डर पैदा करती है, जबकि सच्चाई कुछ और ही है। डीएम ने नोटिस के माध्यम से  प्रियंका गांधी से 24 घंटे के अंदर स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा गया है जिससे महामारी के कार्य में लगे कर्मचारियों का मनोबल न गिरे।कांग्रेस महासचिव ने सोमवार को 48 घंटे में 28 लोगों की मौत होने संबंधी ट्वीट कर आगरा माडल पर सवाल उठाते हुए प्रदेश सरकार को घेरने की कोशिश की थी। प्रियंका गांधी के ट्वीट करते ही अफरातफरी मच गई। हालंकि उनके ट्वीट का सोमवार को ही डीएम द्वारा वास्तविक स्थिति को स्पष्ट कर जवाब दे दिया था।
मंगलवार को जिलाधिकारी ने प्रियंका गांधी के ट्वीटर पर नोटिस भेजकर उनसे 24 घंटे के अंदर खंडन करने का अनुरोध किया है। नोटिस में कहा गया है कि एक गलत जानकारी के कारण समाज में गलत संदेश गया है। साथ ही महामारी के कार्य में लगे कर्मचारियों का मनोबल भी गिरता है। उनके ट्वीट से कोरोना संक्रमण से लड़ रहे कोराना वारियर्स और फाइटर्स पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। नोटिस में डीएम ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 109 दिनों में 79 लोगों की मौत हुई है जबकि 1147 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।