जम्मू कश्मीर में डीडीसी चुनाव के चौथे चरण का मतदान जारी

सियासत की बातें (Rashtra Pratham)  जम्मू कश्मीर में कोहरे और ठंड की वजह से ज्यादातर लोगों के घरों से नहीं निकलने के कारण जिला विकास परिषद (डीडीसी) के चौथे चरण के लिए सोमवार को मतदान की धीमी शुरुआत हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। डीडीसी की 34 सीटों के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ लेकिन कंपकंपाती ठंड के कारण मतदान केंद्र पर मतदान की रफ्तार धीमी रही। इस चरण में कश्मीर संभाग की 17 और जम्मू की 17 सीटों पर चुनाव हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि दिन चढ़ने के साथ मतदान के रफ्तार पकड़ने की संभावना है और मतदान दोपहर दो बजे तक चलेगा। चौथे चरण में कश्मीर संभाग में 48 महिलाओं समेत 138 उम्मीदवार और जम्मू संभाग में 34 महिलाओं समेत 111 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं। आठ चरण में हो रहे डीडीसी चुनाव का पहला चरण 28 नवंबर को शुरू हुआ। डीडीसी चुनाव के साथ केंद्रशासित प्रदेश में पंच और सरपंच की रिक्त सीटों के लिए भी उपचुनाव हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि चौथे चरण में सरपंच के लिए 123 सीटें खाली थी इनमें से 45 पर निर्विरोध चुनाव हुआ। सरपंच के लिए 50 सीटों पर मतदान हो रहा है और 47 महिलाओं समेत 137 उम्मीदवार मैदान में हैं।