अपने समर्थकों के बीच दादा के नाम से मशहूर भूपेंद्रभाई रजनीकांतभाई पटेल ने आज (सोमवार) गुजरात के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में राज भवन में शपथ ग्रहण की। गुजरात के सीएम पद की शपथ लेने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूपेंद्र पटेल को बधाई दी। पीएम ने ट्वीट किया, “मैं उन्हें वर्षों से जानता हूं और मैंने उनका अनुकरणीय कार्य देखा है, चाहे वह भाजपा संगठन में हो या नागरिक प्रशासन और सामुदायिक सेवा में।”केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद गुजरात के नए सीएम भूपेंद्र पटेल को बधाई दी। समारोह में हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत समेत बीजेपी शासित राज्यों के सीएम भी मौजूद थे।ज्ञात हो कि शनिवार को विजय रुपाणी (Vijay Rupani) ने गुजरात के मुख्यमंत्री के शीर्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। गुजरात भाजपा (BJP) विधायक दल की बैठक में रविवार को सर्वसम्मति से 59 वर्षीय भाजपा नेता भूपेंद्र पटेल का चयन मुख्यमंत्री पद के लिए किया गया था। मंत्रिमंडल के सदस्यों के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम दो दिन बाद किया जाएगा। भाजपा के केंद्रीय निरीक्षक, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर एवं प्रह्लाद जोशी की मौजूदगी में गुजरात भाजपा विधायक दल की बैठक में अहमदाबाद के घाटलोडिया से विधायक भूपेंद्र पटेल को नेता चुना गया था। गुजरात के मुख्यमंत्री बनने वाले भूपेंद्र पटेल पांचवें पाटीदार होंगे जबकि कड़वा पाटीदार समुदाय के पहले मुख्यमंत्री होंगे।