पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना को केंद्र और छह राज्यों का संयुक्त प्रयास बताते हुए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर पलटवार किया।पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर पलटवार किया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि किशाऊ प्रोजेक्ट किसी एक मुख्यमंत्री की उपलब्धि नहीं, बल्कि केंद्र सरकार और इसमें शामिल छह राज्यों की संयुक्त कोशिश का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित इस परियोजना पर सहमति केंद्र और सभी संबंधित राज्यों के प्रयासों से बनी है।
अनुराग ने कहा कि फोटो खिंचवाने और क्रेडिट लेने की पॉलिटिक्स छोड़िए। देश देख रहा है कि कौन काम कर रहा है और किसे क्रेडिट लेने की जल्दी है। उन्होंने कहा कि किशाऊ परियोजना सहकारी संघवाद और सरकारों की लंबे समय से लंबित मुद्दों को आपसी सहमति से सुलझाने की क्षमता को दर्शाती है।
बुधवार को गगल हवाई अड्डा पर पत्रकारों के साथ बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि 15 सितंबर को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के मुख्यमंत्री ने किशाऊ परियोजना समझौते पर हस्ताक्षर किए।