दिल्ली में रविवार तक बहाल होगी जलापूर्ति

 खबरें देश की (Rashtra Pratham): आम आदमी पार्टी (आप) नेता और दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने शनिवार को कहा कि पिछले दो दिन से पेयजल संकट से जूझ रही राजधानी दिल्ली में जलापूर्ति रविवार सुबह तक पूरी क्षमता से बहाल हो जाएगी।  राघव चड्ढा ने कहा कि दिल्ली में लगभग 70 प्रतिशत जलापूर्ति फिर से शुरू कर दी गई है। DJB जलापूर्ति को जल्द बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर कोशिश कर रहा है। आज शनिवार शाम या रविवार सुबह तक DJB पूरी क्षमता से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।

चड्ढा ने कहा सोनिया विहार और भागीरथी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स में जलापूर्ति बाधित हो गई है। हरियाणा से आने वाले यमुना के पानी में अमोनिया का स्तर बढ़ जाने के चलते इन दोनों वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। इन प्लांट्स का संचालन शनिवार रात फिर से शुरू किया गया है।इस बीच दिल्ली में COVID-19 मामलों की बढ़ती संख्या के बारे में राघव चड्ढा ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।