पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटिंग जारी

खबरें देश की (Rashtra Pratham): बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत प्रदेश के 17 जिलों की 94 विधानसभा सीटों पर कोविड-19 से बचाव के निर्धारित मापदंड का पालन करते हुए मंगलवार को कड़ी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सुबह 11 बजे तक 19.26%  मतदान हुए।मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने यह जानकारी दी।

ये 94 विधानसभा क्षेत्र 17 जिलों पश्चिमी चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, नालंदा तथा पटना में में पड़ते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, बिहार विधानसभा चुनावों में आज दूसरे चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। सभी मतदाताओं से मेरी अपील है कि वे भारी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव को सफल बनाएं।

इस दौरान सामाजिक दूरी का पालन करने के साथ ही मास्क जरूर पहनें। विपक्षी महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा, अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व क़ानून व्यवस्था और विकसित बिहार के लिए मतदान अवश्य करें। नए दौर में नए बिहार के लिए बदलाव अति आवश्यक है। जय हिंद, जय बिहार। लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने अपने चचेरे भाई और सांसद प्रिंस राज के साथ खगडिया जिला स्थित एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चिराग ने अपने ट्वीटर हैंडल पर अपनी और प्रिंस राज के मताधिकार का प्रयोग करने वाली एक तस्वीर साझा करते हुए लोगों से बिहार के विकास के लिएमताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।