खबरें देश की (Rashtra Pratham): सीडीएस रावत को 800 जवान देंगे सलामी….सीडीएस बिपिन रावत को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी जा रही है. दिल्ली स्थिति उनके आवास पर हजारों लोग की भीड़ इकट्ठा है. यहां सेना के 800 जवान उनको सलामी देंगे.
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दी श्रद्धांजलि
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने CDS जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत को श्रद्धांजलि दी.
हेलिकॉप्टर दुर्घटना स्थल पर पहुंची वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम
भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस टीम तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हुई हेलिकॉप्टर दुर्घटना स्थल पर पहुंची, जहां CDS जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 13 लोगों की मौत हुई थी.
ट्राई सर्विस कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन
भारतीय वायुसेना ने कहा है कि 8 दिसंबर को हुई दुखद हेलीकॉप्टर दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए एक ट्राई सर्विस कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन किया गया है. जांच तेज़ी से पूरी की जाएगी और तथ्य सामने आएंगे. तब तक मृतकों की गरिमा का सम्मान करने के लिए बेबुनियाद अटकलों से बचा जा सकता है.
हमें उन्हें हंसते हुए एक अच्छी विदाई देनी चाहिए- ब्रिगेडियर लिड्डर की पत्नी
ब्रिगेडियर एल.एस लिड्डर की पत्नी गीतिका लिड्डर ने कहा है कि हमें उन्हें हंसते हुए एक अच्छी विदाई देनी चाहिए. ज़िंदगी बहुत लंबी है, अब अगर भगवान को ये ही मंजूर है तो हम इसके साथ ही जिएंगे. वो एक बहुत अच्छे पिता थे. बेटी उन्हें बहुत याद करेगी. ये एक बहुत बड़ा नुकसान है.